Thursday, June 18, 2026
Post
# ‘दीवाने हैं’ के साथ लौटा पुराने बॉलीवुड के जश्न का दौर, ‘वेलकम टू द जंगल’ ने दिया नया सेलिब्रेशन एंथम
पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड का म्यूजिक काफी हद तक डांस रीमिक्स, क्लब ट्रैक्स और हाई-एनर्जी प्रमोशनल गानों तक सिमट गया है। इस बीच वो सादे लेकिन दिल से जुड़े जश्न वाले गाने, जो मोहल्लों के लाउडस्पीकर, शादी-ब्याह और त्योहारों की शान हुआ करते थे, धीरे-धीरे फिल्मों से गायब होते चले गए।
अब 'वेलकम टू द जंगल' का नया गाना 'दीवाने हैं' उसी पुराने एहसास को वापस लाने की कोशिश करता नजर आता है।
फिल्म की विशाल स्टारकास्ट के साथ फिल्माए गए इस गाने में पूरे कलाकारों की टोली एक साथ नजर आती है। रंग-बिरंगे विजुअल्स, मस्ती, अपनापन और साथ मिलकर जश्न मनाने का जो माहौल इसमें दिखता है, वह पुराने बॉलीवुड के उन गानों की याद दिलाता है, जहां फोकस सिर्फ डांस नहीं बल्कि लोगों के साथ मिलकर खुशियां मनाने पर होता था।
गाने के संगीतकार, गीतकार और गायक आनंद राज आनंद का कहना है कि उनका मकसद किसी ट्रेंड को फॉलो करना नहीं था, बल्कि ऐसा गाना बनाना था जिससे लोग पहली बार सुनते ही जुड़ जाएं।
आनंद राज आनंद कहते हैं, "जब मैंने 'दीवाने हैं' पर काम शुरू किया तो मेरे दिमाग में कोई ट्रेंड नहीं था। मैं ऐसा गाना बनाना चाहता था जिसे सुनते ही अपनापन महसूस हो। यह ऐसा गीत है जिसे लोग शादी, त्योहार या किसी भी खुशी के मौके पर मिलकर गा सकें। हम सब ऐसे गानों के साथ बड़े हुए हैं जो लोगों को एक साथ ले आते थे और मैं उसी एहसास को फिर से वापस लाना चाहता था।"
इस गाने को आनंद राज आनंद और अमृता फडणवीस ने अपनी आवाज दी है। म्यूजिक प्रोडक्शन विक्रम नागी ने किया है, जबकि अरेंजमेंट प्रकाश पीटर्स ने तैयार किए हैं। लाइव इंस्ट्रूमेंट्स, दमदार परकशन और कश्मीरी लोकधुनों की झलक इस गाने को खास बनाती है। बांसुरी नवीन कुमार ने बजाई है, जबकि लाइव रिदम और परकशन की जिम्मेदारी दीपेश वर्मा, रत्नदीप जामसांडेकर, शिखर नाद कुरैशी और विजय जाधव ने निभाई है।
गाने की शुरुआत में फियोनी शाह की मासूम आवाज सुनाई देती है। वहीं बैकिंग वोकल्स में काव्या-कृति, जूही एम, साकेत बैरोलिया, सनी शर्मा, आशुतोष शर्मा, अभिषेक मुखर्जी, पल्लवी रॉय और तान्या माथुर की आवाजें भी शामिल हैं। वोकल्स और रिदम सेक्शन की रिकॉर्डिंग वाईआरएफ स्टूडियो में विजय दयाल और सागर साठे ने की, जबकि मिक्स और मास्टरिंग की जिम्मेदारी भी विजय दयाल ने संभाली।
अमृता फडणवीस का मानना है कि इस गाने की सबसे बड़ी खूबी इसकी सादगी है।
वह कहती हैं, "मुझे 'दीवाने हैं' की सबसे अच्छी बात इसकी खुशियों से भरी और सबको साथ जोड़ने वाली ऊर्जा लगी। यह गाना सुनते ही मुस्कुराने, गुनगुनाने और जश्न का हिस्सा बनने का मन करता है। आजकल ऐसे गाने बहुत कम सुनने को मिलते हैं।"
फिल्म में यह गाना क्लाइमैक्स के करीब देखने को मिलेगा।
अब तक 'वेलकम टू द जंगल' का पूरा प्रमोशन पुराने दौर की बड़ी कॉमेडी फिल्मों और नॉस्टैल्जिया पर आधारित रहा है। 'दीवाने हैं' भी उसी सोच को आगे बढ़ाता है। सोशल मीडिया ट्रेंड्स के पीछे भागने के बजाय यह गाना उस एहसास को पकड़ने की कोशिश करता है, जहां लोग एक साथ आकर खुशियां मनाते हैं।
आज के दौर में जब कई गाने पहले रील्स के लिए और बाद में श्रोताओं के लिए बनाए जाते हैं, ऐसे समय में 'दीवाने हैं' पुराने बॉलीवुड के उन जश्न वाले गीतों की याद दिलाता है, जो सिर्फ फिल्म का हिस्सा नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन जाया करते थे।
अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान (अर्जुन), स्वर्गीय पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्या सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कलाकार नजर आएंगे।
यह फिल्म ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स और राकेश डांग के सहयोग से प्रस्तुत की जा रही है। बेस इंडस्ट्रीज़ ग्रुप प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता राकेश डांग, वेदांत विकास बाली और फिरोज ए. नाडियाडवाला हैं।
'वेलकम टू द जंगल' 26 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment